
ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र के वार्ड नंबर 34, मालवीय नगर में विकास कार्यों को गति देते हुए महापौर श्री शंभू पासवान ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। इस परियोजना पर लगभग 22 लाख रुपये की लागत आएगी, जिससे क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
उद्घाटन अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 34 में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कर कार्य प्रारंभ किया गया है।
महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि टिकाऊ और मानक अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के बाद जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन भी सुगम होगा।
इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद राजेश कोठियाल ने महापौर का स्वागत करते हुए क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वार्ड के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों पर संतोष और खुशी जताई।










