
ऋषिकेश, 21 अप्रैल(दिलीप शर्मा): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए “आतंकवादी” जैसे शब्दों का प्रयोग न केवल निंदनीय है, बल्कि यह देश की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी पूर्व में भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करती रही है, जिसे देश की जनता ने हर बार खारिज किया है।
उन्होंने कहा कि जनता ने बार-बार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री से इतनी आपत्ति क्यों है कि वह बार-बार मर्यादा की सीमाएं लांघती है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करती है और यह दर्शाती है कि पार्टी सकारात्मक राजनीति करने में असमर्थ है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की भी मांग की।
अंत में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादित भाषा में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस स्तरहीन राजनीति पर उतर आई है।










