उत्तराखंडऋषिकेश

गुमानीवाला में तटबंध निर्माण की मांग तेज, विधायक से मिले ग्रामीण

बरसात में जलभराव और कटाव से परेशान वार्ड 10 व 14 के लोग, शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

ऋषिकेश, 21अप्रैल(दिलीप शर्मा): श्यामपुर भाजपा मंडल महामंत्री सत्यपाल सिंह राणा के नेतृत्व में ग्राम सभा गुमानीवाला के क्षेत्रवासियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं ऋषिकेश विधायक डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल से उनके कैंप कार्यालय में भेंट कर वार्ड संख्या 10 एवं 14 में पुस्ता (तटबंध) निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गुमानीवाला के इन वार्डों में बरसात के दौरान जलभराव और नाले के कटाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इससे किसानों की कृषि भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और स्थानीय निवासियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुस्ता निर्माण न होने के कारण हर वर्ष हालात और बिगड़ जाते हैं, जिससे जन-धन हानि की आशंका बनी रहती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. अग्रवाल ने अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड ऋषिकेश को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थल निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर तटबंध निर्माण कार्य सुनिश्चित करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुमानीवाला की इस महत्वपूर्ण समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर सत्यपाल राणा, गणेश राणा, पूजा भट्ट, सुनीता भट्ट, नरेंद्र रावत, मुकेश रावत, अखिलेश राणा, सुनीता जोशी, ज्योति उनियाल, मुकेश गुंसोला, लक्ष्मण सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button