उत्तराखंडटिहरी गढ़वालनरेंद्र नगरशिक्षा

सीबीएसई हाईस्कूल परिणाम कमजोर: टिहरी के पांच अटल उत्कृष्ट विद्यालयों से मांगा गया स्पष्टीकरण

राष्ट्रीय औसत 93.7% के मुकाबले जिले का परिणाम 77.47%; एक सप्ताह में जवाब तलब

नरेंद्रनगर, 22 अप्रैल(दिलीप शर्मा): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा का परिणाम जहां राष्ट्रीय स्तर पर 93.7 प्रतिशत दर्ज किया गया है, वहीं टिहरी जनपद में संचालित अटल उत्कृष्ट विद्यालयों का परीक्षा परिणाम मात्र 77.47 प्रतिशत रहा, जिसे शिक्षा विभाग ने चिंताजनक माना है।

जनपद में कुल 15 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं, जिनमें से पांच विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 77.47 प्रतिशत से भी कम रहा। इस पर संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) बी.पी. सिंह ने संबंधित विद्यालयों से स्पष्टीकरण तलब किया है।

जिन विद्यालयों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है, उनमें अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज घोड़ा खुरी, सिलारी, छाम, मतकुंडी एवं पौड़ीखाल शामिल हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ-साथ संबंधित विषय अध्यापकों से भी एक सप्ताह के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन विषयों का परीक्षा परिणाम असंतोषजनक रहा है, उन विषय अध्यापकों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

उधर, परीक्षा परिणाम को लेकर अभिभावकों में भी चिंता देखी जा रही है। अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि कमजोर प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार शिक्षकों पर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो।

जिला शिक्षा अधिकारी का यह कदम शिक्षा व्यवस्था में सुधार और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button