दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, पारदर्शिता व समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक, जनप्रतिनिधियों ने सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल व शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाए

टिहरी, 23 अप्रैल(दिलीप शर्मा): जिला विकास समन्वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, टिहरी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता टिहरी गढ़वाल की सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने की, जिसमें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सांसद ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया।

समिति के सदस्यों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार व्यवस्था और वन विभाग से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। सांसद ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनपद के समग्र विकास को गति देने की बात कही।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की प्रगति प्रस्तुत की गई। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, पेंशन एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं जैसे वन स्टॉप सेंटर, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नंदा गौरा योजना की प्रगति से अवगत कराया।
जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जनपद में 9604 परिवारों के सर्वेक्षण की जानकारी दी। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. शर्मा ने राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण योजना और गौशालाओं की स्थिति पर प्रकाश डाला। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी दी।
इसके अलावा, शहरी विकास विभाग ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत निकायों की उपलब्धियों और प्लास्टिक वेस्ट यूनिट की जानकारी साझा की। पेयजल विभाग ने पंपिंग योजनाओं से ग्राम पंचायतों को मिल रहे लाभों का उल्लेख किया, जबकि एएसपी दीपक सिंह ने यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल और मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने सांसद का पौधा एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईशिता सजवाण, विधायक किशोर उपाध्याय, विधायक शक्ति लाल शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और पत्रकार मौजूद रहे।










