उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वाल

एनसीओआरडी बैठक: अवैध नशा उन्मूलन और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई महत्वपूर्ण बैठक

टिहरी गढ़वाल,25 अप्रैल(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल के कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में नारकोटिक्स समन्वय (एनसीओआरडी) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध नशे के उन्मूलन, रोकथाम और जनजागरूकता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को पोस्त व भांग की अवैध खेती के दुष्परिणामों तथा संबंधित दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी दी जाए।

विद्यालयों में नशा मुक्ति जागरूकता पर जोर

मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों की प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को नशा मुक्ति और इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी को इस बुराई से दूर रखा जा सके।

पुलिस व खुफिया तंत्र को संयुक्त कार्ययोजना बनाने के निर्देश

बैठक में पुलिस एवं खुफिया विभाग को संयुक्त रूप से प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर अवैध नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मानस हेल्पलाइन के व्यापक प्रचार-प्रसार और मेडिकल स्टोरों के नियमित निरीक्षण पर भी विशेष बल दिया गया।

विभागों ने प्रस्तुत की कार्यवाही रिपोर्ट

बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

  • एएनटीएफ के कपिल यादव ने बताया कि जनपद में 44 जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं, जिनमें 652 छात्र-छात्राओं और लगभग 2500 स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
  • अपर पुलिस अधीक्षक दीपक ने एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत दर्ज दो मामलों की जानकारी दी।
  • आबकारी विभाग द्वारा चार मामलों में की गई कार्रवाई से अवगत कराया गया।
  • मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के प्रतिनिधि ने 80 प्रशिक्षण कार्यक्रम, टेली-परामर्श सेवाएं और 22 फार्मा को-थेरेपी से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

कॉकटेल मुक्त विवाह को बढ़ावा

गैर-सरकारी संगठन के प्रतिनिधि सुशील बहुगुणा ने बताया कि विवाह समारोहों में शराब परोसने पर 10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है तथा कॉकटेल मुक्त विवाहों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button