30 वर्षों की दूरदर्शिता के साथ तैयार हो जिला योजना: प्रभारी मंत्री गणेश जोशी
जिला योजना समीक्षा बैठक में पेयजल, पर्यटन और विकास कार्यों पर गहन मंथन

नई टिहरी, 25 अप्रैल(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, नई टिहरी में आयोजित जिला योजना समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री गणेश जोशी (कृषि एवं कृषक कल्याण तथा सैनिक कल्याण मंत्री) ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला योजना को दीर्घकालिक दृष्टिकोण के साथ तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का निर्माण किया जाए और इसमें जनप्रतिनिधियों एवं विधायकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

पेयजल समस्या के समाधान पर विशेष जोर
बैठक में मंत्री ने कहा कि जल संकट राष्ट्रीय स्तर की चुनौती बनता जा रहा है, इसलिए इसके समाधान हेतु सुनियोजित एवं स्थायी योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी को पर्यटन विभाग की अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

नवाचारों और योजनाओं की दी गई जानकारी
जिलाधिकारी टिहरी ने बैठक में विभिन्न नवाचारों एवं बेस्ट प्रैक्टिस की जानकारी देते हुए बताया कि:
- प्रत्येक विकासखंड में महिलाओं के लिए ‘माई ब्लॉक माई शॉप’ योजना संचालित की जा रही है।
- जिला अस्पताल में महिलाओं के लिए फीडिंग रूम की व्यवस्था की गई है।
- सभी ब्लॉकों में ‘माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी’ स्थापित की जा रही है।
- ‘फिजिक्स वाला’ के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है।
- नई स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकास भी प्रगति पर है।
₹95.21 करोड़ की योजना प्रस्तावित
वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना के अंतर्गत ₹95 करोड़ 21 लाख 50 हजार की वित्तीय मांग प्रस्तुत की गई। बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य, पर्यटन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभागों की योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया गया।
प्रमुख कार्यों में घेरबाड़, ट्राउट उत्पादन, कीवी उत्पादन, गोट वैली, पर्यटन व्यू प्वाइंट्स, सीएचसी/पीएचसी मरम्मत एवं विद्यालयों में शौचालय निर्माण शामिल रहे।
विधायकों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे
बैठक में प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने क्षेत्र में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया। इस पर डीएफओ पुनीत तोमर ने सड़क कटान से जल स्रोतों पर पड़ रहे प्रभाव की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, एडीबी द्वारा निर्माणाधीन आईएसबीटी एवं बौराड़ी मार्केट की गुणवत्ता को लेकर टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत ने सवाल उठाए। इसके अलावा रिंग रोड निर्माण एवं विद्यालयों में शौचालय निर्माण जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, प्रीतम सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन रावत, चंबा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष शोभनी धनोला सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं पत्रकार उपस्थित रहे।










