उत्तराखंडऋषिकेश

मधुबन आश्रम पर अवैध कब्जे की कोशिश, बाहरी तत्वों की गुंडागर्दी का आरोप

यूकेडी ने प्रेस वार्ता में प्रशासन से की सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग

ऋषिकेश, 27 अप्रैल(दिलीप शर्मा): कैलाश गेट स्थित प्राचीन एवं प्रतिष्ठित मधुबन आश्रम पर बाहरी असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने प्रेस वार्ता आयोजित कर गंभीर आरोप लगाए हैं।

यूकेडी के अनुसार, कुछ बाहरी लोगों ने आश्रम परिसर पर कब्जा जमाने की नीयत से आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों को बुलाया है। ये लोग आश्रम के संतों, सेवादारों और श्रद्धालुओं को धमका रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।

मधुबन आश्रम लंबे समय से धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-पाठ और सत्संग के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं आश्रम की पवित्रता और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं।

यूकेडी ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी स्थिति में मंदिरों और संतों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेगी। दल ने जिला एवं पुलिस प्रशासन के साथ-साथ राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

प्रमुख मांगें:

  • आश्रम पर अवैध कब्जे के प्रयास को तुरंत रोका जाए
  • असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो
  • आश्रम परिसर और संतों को पर्याप्त सुरक्षा दी जाए
  • पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों को दंडित किया जाए

यूकेडी ने मीडिया से भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की अपील की है, ताकि आश्रम की गरिमा सुरक्षित रखी जा सके और धर्मस्थल को कथित भूमाफियाओं से बचाया जा सके।

Related Articles

Back to top button