आंधी-तूफान से टिहरी झील में फ्लोटिंग हट्स की जेटी क्षतिग्रस्त, 30 पर्यटकों का सुरक्षित रेस्क्यू
प्रभारी जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, पांच सदस्यीय कमेटी गठित; सेफ्टी ऑडिट के बाद ही संचालन को मिलेगी अनुमति

टिहरी गढ़वाल,03 मई(दिलीप शर्मा): टिहरी बांध की झील में शनिवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के चलते फ्लोटिंग हट्स की जेटी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे फ्लोटिंग हट्स दो हिस्सों में विभाजित हो गई। घटना के समय वहां ठहरे करीब 30 पर्यटक खतरे में आ गए थे।

सूचना मिलते ही कोटी कॉलोनी में तैनात एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी पर्यटकों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

घटना के अगले दिन रविवार को प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जेटी को हुए नुकसान का निरीक्षण किया।

प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि एसडीएम कमलेश मेहता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ जांच समिति गठित की गई है। यह समिति फ्लोटिंग हट्स का विस्तृत सेफ्टी ऑडिट करेगी। ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही फ्लोटिंग हट्स के संचालन पर निर्णय लिया जाएगा।

इस दौरान एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, तहसीलदार धीरज राणा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, क्षेत्राधिकारी चंद्र मोहन सिंह सहित एसडीआरएफ के अधिकारी मौजूद रहे।










