
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश क्षेत्र में संभावित भारी वर्षा और ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश के चलते गंगा नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में लगातार वर्षा की संभावना जताई गई है, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो सकती है।
ढालवाला स्थित SDRF उत्तराखंड टीम, जल पुलिस और आपदा राहत दल द्वारा त्रिवेणी घाट, राम झूला, जानकी पुल और नीम बीच समेत प्रमुख घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। टीमों ने लाउडहेलर के माध्यम से घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जागरूक करते हुए संभावित खतरे से अवगत कराया।
अधिकारियों ने बताया कि बांध से पानी छोड़े जाने और लगातार बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बिना पूर्व सूचना के तेजी से बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए घाटों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त की जा रही है।
आपदा प्रबंधन टीमों को आवश्यक उपकरणों और संसाधनों के साथ तैयार रखा गया है तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, नदी किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की सलाह दी गई है, ताकि समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।










