
ऋषिकेश, 3 मई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार को अपने कैंप कार्यालय में आईडीपीएल चौकी इंचार्ज विवेक राठी के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में बढ़ रहे नशे के अवैध व्यापार पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाया जाए तथा प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को जनसहभागिता बढ़ाने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश भी दिए।










