उत्तराखंडऋषिकेश

जनता मिलन कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का हुआ भव्य स्वागत

जोगीवाला माफी में विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा, हाईटेंशन लाइन शिफ्ट करने के दिए निर्देश

ऋषिकेश, 4 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के जोगीवाला माफी में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम उस समय जनसैलाब में तब्दील हो गया, जब क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और जनविश्वास का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने स्कूल के कमरों में फर्श निर्माण, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा पुस्तकालय के विकास के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन को स्थानांतरित करने की मांग उठाई। इस पर डॉ. अग्रवाल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं।

कार्यक्रम के संयोजक ग्राम प्रधान शैलेंद्र रांगड़ रहे, जबकि संचालन सुशीला नेगी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्म सिंह चौहान ने की।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान शैलेंद्र रांगड़, साहब नगर की ग्राम प्रधान भावना गुरुंग, ग्राम प्रधान मोहर सिंह असवाल, भाजपा रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, पूर्व ग्राम प्रधान रीना नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विमल नैथानी, पूर्व ग्राम प्रधान हरीश कक्कड़, पूर्व ग्राम प्रधान बलविंदर सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनीता राणा, मंडल उपाध्यक्ष हुकुम रांगड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र में विकास और जनसेवा के प्रति जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता के साथ जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

Related Articles

Back to top button