मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया बजरंग सेतु और हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण
परियोजनाओं की प्रगति, सुरक्षा मानकों और स्थानीय आजीविका संवर्धन की समीक्षा, वृक्षारोपण व बेहतर सुविधाओं पर दिया जोर

टिहरी गढ़वाल, 04 जून(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को जनपद टिहरी गढ़वाल के तपोवन क्षेत्र स्थित बजरंग सेतु एवं नरेंद्रनगर विकासखंड के प्लास्डा गांव में संचालित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने सबसे पहले तपोवन स्थित बजरंग सेतु का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता ओम प्रकाश ने सेतु की इंजीनियरिंग संरचना, तकनीकी विशेषताओं तथा निर्माण कार्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रस्तुत कीं। मुख्य सचिव ने परियोजना की प्रगति और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य सचिव ने प्लास्डा स्थित हिलान्स हिमालयन भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय की संचालक बीना पुंडीर ने उन्हें भोजनालय की कार्यप्रणाली, प्रतिदिन आने वाले ग्राहकों की संख्या तथा दैनिक बिक्री की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को रीप परियोजना के अंतर्गत छह लाख रुपये, बैंक ऋण के रूप में तीन लाख रुपये तथा सीएलएफ योगदान के रूप में एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने भोजनालय परिसर के आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा मेनू को स्पष्ट और सुव्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटकों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि पर्यटन और स्थानीय आजीविका से जुड़े ऐसे प्रयासों को सरकार द्वारा और अधिक सशक्त बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिल सके।
निरीक्षण के दौरान सचिव लोक निर्माण विभाग, औद्योगिक, खनन एवं आयुष विभाग डॉ. पंकज कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिडियाल, डीडीओ मोहम्मद असलम, ईओ तपोवन अंजलि तथा बीडीओ श्रुति वत्स सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










