फार्मर रजिस्ट्री अभियान में तेजी लाने के निर्देश, अधिक से अधिक किसानों के पंजीकरण पर जोर
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए व्यापक प्रचार-प्रसार और शिविर आयोजन के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 03 जून(दिलीप शर्मा): जनपद में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित विभागों को अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में अधिक संख्या में पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएं तथा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को पूर्ण रूप से सक्रिय करते हुए रजिस्ट्री कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही किसानों को स्वयं आगे बढ़कर फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश भी दिए, ताकि ग्रामीण स्तर पर अभियान को गति मिल सके।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, मत्स्य विभाग, रेशम विभाग, लीड बैंक तथा सहकारी समितियों सहित सभी संबंधित विभागों को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक किसान इस पहल से जुड़ सकें।
बैठक में अधिकारियों को किसानों को विभिन्न कृषि एवं किसान कल्याण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उन्हें फार्मर रजिस्ट्री के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा।










