टिहरी झील को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने पर्यटन रोड और इको पार्क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, ₹1294 करोड़ की विकास परियोजना की समीक्षा

नई टिहरी, 04 जून(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने गुरुवार को टिहरी झील क्षेत्र का भ्रमण कर पर्यटन विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टिहरी झील के समीप कोटी-जाख-डोबरा पुल तक निर्माणाधीन पर्यटन रोड तथा डोबरा पुल क्षेत्र में पर्यटन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे इको पार्क के निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने पर्यटन रोड परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टिहरी झील क्षेत्र उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और इसके समग्र विकास से क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
अधिकारियों ने मुख्य सचिव को अवगत कराया कि टिहरी झील क्षेत्र में सतत, समावेशी एवं जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के उद्देश्य से लगभग ₹1294 करोड़ की महत्वाकांक्षी परियोजना प्रस्तावित की गई है। इस परियोजना के अंतर्गत झील क्षेत्र के छह प्रमुख क्लस्टरों—डोबरा चांटी, तिवाड़ गांव, कोटि कॉलोनी, नई टिहरी, मदन नेगी तथा लेक क्लस्टर—का समग्र विकास किया जाएगा।
परियोजना के तहत पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने, पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि टिहरी झील क्षेत्र में विकसित की जा रही पर्यटन परियोजनाएं प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्रदान करेंगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।










