
देहरादून(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक चल रहे यूपीसीएल के अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की धीमी गति, अपर्याप्त मैनपॉवर तथा मशीनरी की कमी पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रोड कटिंग समिति की शर्तों का पूर्ण पालन करते हुए आगामी पांच दिनों के भीतर केबल बिछाने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने पर यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के आदेश भी जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक कई स्थानों पर खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा बिखरा हुआ पाया गया, जिससे आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मलबा हटाकर मार्ग को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
डॉ. चौहान ने कार्यों में तेजी लाने के लिए 500-500 मीटर के पैच निर्धारित कर पर्याप्त संख्या में श्रमिकों और मशीनरी की तैनाती के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि केबल बिछाने का कार्य पूर्ण होते ही संबंधित सड़कों को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को हस्तांतरित किया जाए, ताकि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत कार्य बिना विलंब शुरू किया जा सके।
जिलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा उन्होंने गैल द्वारा संचालित गैस पाइपलाइन परियोजना के कार्यों को भी अनुमति की शर्तों के अनुरूप पूर्ण कर सड़कों को लोनिवि को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी परमेन्द्र डोभाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, एसपी यातायात लोकेश सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि ओपी सिंह सहित यूपीसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










