
ऋषिकेश, 5 जून(दिलीप शर्मा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप, ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का सतत दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जनसहभागिता से ही प्रकृति को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर कुसुम कंडवाल, कविता साह, मनोज ध्यानी, निवेदिता सरकार, अनिल शर्मा, गुड्डी कलूड़ा, देवदत्त शर्मा, सतीश सिंह, बृजेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।










