विश्व पर्यावरण दिवस पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में पौधारोपण अभियान
एनसीसी कैडेट्स ने लगाए फलदार एवं औषधीय पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ऋषिकेश, 5 जून(दिलीप शर्मा): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज, ऋषिकेश में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में आम, अमरूद, अमलतास, आंवला, नीम, अर्जुन, शहतूत एवं जामुन सहित विभिन्न फलदार और औषधीय पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण दिवस से प्रेरणा लेकर वर्षा ऋतु के दौरान निरंतर पौधारोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और मौसम चक्र प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण को शुद्ध बनाने में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
सीनियर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह ने बताया कि एनसीसी कैडेट्स द्वारा लगाए गए पौधे भविष्य में लोगों को शुद्ध ऑक्सीजन, स्वादिष्ट फल एवं औषधीय लाभ प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि नीम, आंवला और अर्जुन जैसे वृक्ष अनेक रोगों के उपचार में भी उपयोगी सिद्ध होते हैं।
जूनियर विंग एनसीसी अधिकारी विकास नेगी ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग की चुनौती से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता रंजन अंथवाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुमित्रा मेहर, किशोर कुमार, हरमा बिष्ट, सोहन सिंह, किशन थापा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। पौधारोपण के माध्यम से सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संकल्प लिया।










