उत्तराखंडऋषिकेशहादसा

साईं घाट पर स्नान के दौरान युवक गंगा में डूबा, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

कौड़ियाला में लापता युवक आशीष जैन की तलाश भी जारी, श्रद्धालुओं से सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने की अपील

ऋषिकेश, 8 जून(दिलीप शर्मा): थाना मुनि की रेती क्षेत्रांतर्गत साईं घाट पर सोमवार सुबह करीब 7:50 बजे स्नान के दौरान एक युवक गंगा नदी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला की रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया।

 

एसडीआरएफ के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स एवं रेस्क्यू कर्मी नदी के संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन कर रहे हैं। अभियान में स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस भी संयुक्त रूप से सहयोग कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान श्याम (20 वर्ष), पुत्र सवाई जागीर, निवासी चंद कॉलोनी, दीनाला नाडा, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अपने माता-पिता के साथ ऋषिकेश-तपोवन घूमने आया था और स्नान के दौरान हादसे का शिकार हो गया।

आशीष जैन की तलाश भी लगातार जारी

वहीं, 6 जून को कौड़ियाला के समीप गंगा नदी में डूबे गाजियाबाद निवासी आशीष जैन की तलाश के लिए भी एसडीआरएफ ढालवाला की टीम सोमवार सुबह से लगातार सर्च अभियान चला रही है। आधुनिक डीप डाइविंग उपकरणों एवं अन्य रेस्क्यू संसाधनों की मदद से नदी के सभी संभावित स्थानों पर व्यापक खोज की जा रही है।

एसडीआरएफ ने बताया कि दोनों मामलों में सर्च अभियान लगातार जारी है और लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

एसडीआरएफ की अपील

एसडीआरएफ उत्तराखण्ड ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से गंगा नदी में तैरने का प्रयास न करने तथा प्रतिबंधित एवं असुरक्षित घाटों पर स्नान से बचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि गंगा का जलस्तर एवं जल प्रवाह किसी भी समय अचानक बदल सकता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

एसडीआरएफ ने लोगों से केवल उन्हीं घाटों पर स्नान करने का आग्रह किया है, जहां सुरक्षा एवं रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। साथ ही प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा कि नागरिकों की सतर्कता और सहयोग ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।

Related Articles

Back to top button