देहरादून में नगर निगमों की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
महापौर शंभू पासवान ने लाल पानी बीट सड़क निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, शीघ्र स्वीकृति की मांग

देहरादून(दिलीप शर्मा): देहरादून स्थित मंथन सभागार में मंगलवार को उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में प्रदेश के नगर निगमों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, विभिन्न नगर निगमों के महापौरों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों, जनसुविधाओं की स्थिति तथा आगामी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
लाल पानी बीट सड़क निर्माण को लेकर महापौर ने रखी मांग
समीक्षा बैठक में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर श्री शंभू पासवान ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए लाल पानी बीट सड़क निर्माण का मुद्दा शहरी विकास मंत्री एवं विभागीय सचिव के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इस सड़क का निर्माण स्थानीय नागरिकों की आवाजाही और क्षेत्रीय विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
महापौर ने सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी और विकास को नई गति मिलेगी।
ऋषिकेश के विकास कार्यों की प्रगति से कराया अवगत
बैठक में ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनसुविधाओं के विस्तार तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति से भी अवगत कराया गया। शहरी विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सहित नगर निकायों के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
महापौर ने कहा कि माननीय मंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा तथा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।










