
ऋषिकेश, 09 जून(दिलीप शर्मा): थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में गंगा नदी के बीच तेज धारा में फंसे चार युवकों को मुनिकीरेती जल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल रेस्क्यू कर लिया। पुलिस की सतर्कता और समय रहते की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के हिसार जनपद निवासी चार युवक लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र स्थित स्वर्गाश्रम घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। स्नान के दौरान उन्होंने तैरकर गंगा नदी पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच धारा में पहुंचने पर सभी युवक थक गए और तेज बहाव के कारण आगे बढ़ने में असमर्थ हो गए। इसके बाद उन्होंने सहायता के लिए शोर मचाया।
सूचना मिलते ही मुनिकीरेती जल पुलिस ने तत्काल मोटर बोट के माध्यम से रेस्क्यू अभियान शुरू किया और चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान सुरेंद्र सिंह (19), नीतीश शाह (19), आनंद शाह (20) तथा आजाद (19) निवासी ग्राम बामडोली, पोस्ट ऑफिस बामडोली, थाना सदर, जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है।
सुरक्षित रेस्क्यू के बाद चारों युवकों एवं मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मुनिकीरेती जल पुलिस और वाटर रेस्क्यू टीम की तत्परता एवं साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वाटर रेस्क्यू टीम ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की कि वे गंगा नदी में तैरकर नदी पार करने या गहरे पानी में जाने का प्रयास न करें। गंगा का जलस्तर और बहाव अचानक बदल सकता है, जिससे जानलेवा दुर्घटनाएं हो सकती हैं। टीम ने लोगों से केवल चिन्हित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया।










