उत्तराखंडरेस्क्यू

150 मीटर गहरी खाई से SDRF ने दो युवकों को दिया नया जीवन, साहसिक रेस्क्यू अभियान बना मिसाल

देवप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर देर रात हादसे के बाद SDRF ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चलाया अभियान, त्वरित कार्रवाई और पेशेवर दक्षता से बचाई दोनों युवकों की जान

देवप्रयाग/श्रीनगर,10 जून(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) ने एक बार फिर अपने अदम्य साहस, त्वरित प्रतिक्रिया और उत्कृष्ट रेस्क्यू कौशल का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में 150 मीटर गहरी खाई में गिरे दो युवकों को सकुशल बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली।

 

मंगलवार देर रात देवप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बुलेट मोटरसाइकिल (UK14TA-5474) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में SDRF पोस्ट श्रीनगर की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

देवप्रयाग से लगभग पांच किलोमीटर पहले स्थित दुर्गम स्थल पर पहुंचकर SDRF ने देवप्रयाग पुलिस के साथ संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कठिन और जोखिमपूर्ण भूभाग के बावजूद SDRF के जवानों ने साहस, सूझबूझ और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का परिचय देते हुए गहरी खाई में उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया तथा एंबुलेंस के माध्यम से बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया। घायलों की पहचान पीयूष शर्मा (19 वर्ष), पुत्र जितेंद्र शर्मा एवं हर्ष कुशवाहा (22 वर्ष), पुत्र राजकुमार कुशवाहा, निवासी शिवपुरी (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। दुर्घटना में दोनों के पैर और कमर में चोटें आई हैं।

SDRF की त्वरित कार्रवाई, बेहतरीन समन्वय और प्रशिक्षित रेस्क्यू तकनीक के कारण दोनों युवकों की जान समय रहते बचाई जा सकी। यह अभियान एक बार फिर साबित करता है कि विषम परिस्थितियों में भी SDRF के जवान पूरी निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ मानव जीवन की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उत्तराखंड में आपदा एवं दुर्घटनाओं के दौरान SDRF लगातार अपनी दक्षता और सेवा भावना से लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर उभरी है।

Related Articles

Back to top button