टिहरी में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेज, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने ERO एवं AERO को दिए समयबद्ध और शुद्ध मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश, जनपदवासियों से सहयोग की अपील

नई टिहरी,10 जून(दिलीप शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जनपद टिहरी गढ़वाल में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) के सफल संचालन को लेकर जिला कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों, ERO एवं AERO को मतदाता सूची का गहन परीक्षण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी शुद्धता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदान केंद्र का भौतिक सत्यापन करेंगे तथा घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का अद्यतन करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा गणना प्रपत्र (Enumeration Form) का वितरण एवं संग्रह करेंगे। प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ कम से कम तीन बार भ्रमण करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी पूरा किया जाएगा।
उन्होंने जानकारी दी कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए निर्धारित समयसारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, प्रशासनिक अधिकारी जवाहर सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अरुण कुमार, राजेंद्र गुंसोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनपदवासियों से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के सभी नागरिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीएलओ के सत्यापन कार्य में सहयोग कर सही एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान होगा।










