उत्तराखंडऋषिकेशचार धाम यात्रा

ऋषिकेश ट्रांजिट कैम्प में बीडीएस टीम का सघन चेकिंग अभियान, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

त्रिवेणी घाट क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों की मुस्तैदी, यात्रा मार्गों पर यातायात सामान्य

 

ऋषिकेश (दिलीप शर्मा): ऋषिकेश में तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रांजिट कैम्प परिसर में बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया गया। इस दौरान संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई तथा पूरे परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से खंगाला गया।

बीडीएस टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से ट्रांजिट कैम्प में आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की जांच की और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया। अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान आगामी यात्रा सीजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

 

वहीं, त्रिवेणी घाट क्षेत्र में भी बीडीएस टीम एवं पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच के साथ-साथ क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता का सकारात्मक असर यह रहा कि यात्रा क्षेत्र में यातायात पूरी तरह सामान्य बना हुआ है और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति देखने को नहीं मिली। स्थानीय प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान धैर्य बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button