उत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

जौनपुर में वीबी ग्राम-जी योजना पर ग्राम प्रधानों का प्रशिक्षण, ‘हिमालयन भोजनालय’ का शुभारंभ

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा स्वरोजगार का संबल, विभिन्न विकास कार्यों का भी किया गया निरीक्षण

टिहरी गढ़वाल, 11 जून(दिलीप शर्मा): विकास खंड जौनपुर सभागार में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (VB GRAM-G) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर ग्राम प्रधानों एवं जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला विकास अधिकारी मो. असलम की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 80 ग्राम प्रधानों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी ने योजना के उद्देश्यों, क्रियान्वयन प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, रोजगार सृजन की संभावनाओं तथा ग्राम पंचायतों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम प्रधानों से स्थानीय संसाधनों एवं आवश्यकताओं के अनुरूप रोजगारपरक परियोजनाओं का चयन कर ग्रामीणों की आय बढ़ाने और पलायन रोकने की दिशा में प्रभावी प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत विकास खंड जौनपुर की ग्राम पंचायत ठिक्क के किंसु गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित ग्रामोत्थान परियोजना सहायित ‘हिमालयन भोजनालय’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला विकास अधिकारी ने फीता काटकर भोजनालय का शुभारंभ किया और इस पहल के लिए महिला समूह को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित ऐसे उद्यम स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य ठिक्क, खंड विकास अधिकारी, महिला सीएलएफ (CLF) के सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान ग्रामोत्थान परियोजना, महात्मा गांधी नरेगा, विधायक निधि एवं खनिज न्यास मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया गया।

Related Articles

Back to top button