देवप्रयाग संगम में डूबे युवक का शव चार दिन बाद बरामद, SDRF का सर्च अभियान जारी
ब्यास घाट क्षेत्र से मिला बागपत निवासी रजत तोमर का शव, सुबह शिवपुरी में गाजियाबाद निवासी आशीष जैन का शव भी किया गया था बरामद

ऋषिकेश/देवप्रयाग, 11 जून(दिलीप शर्मा): देवप्रयाग संगम स्थित गंगा नदी में 7 जून को डूबे बागपत (उत्तर प्रदेश) निवासी 20 वर्षीय युवक रजत तोमर का शव गुरुवार को एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने ब्यास घाट क्षेत्र से बरामद कर लिया। शव की पहचान परिजनों द्वारा किए जाने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रजत तोमर पुत्र देशपाल सिंह 7 जून को देवप्रयाग संगम में गंगा नदी में डूब गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद से एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही थी। लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार को युवक का शव ब्यास घाट क्षेत्र से बरामद किया गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व गुरुवार प्रातः एसडीआरएफ टीम ने 6 जून को कौड़ियाला के समीप गंगा नदी में डूबे गाजियाबाद निवासी आशीष जैन का शव शिवपुरी क्षेत्र से बरामद किया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसका शव भी स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।
एसडीआरएफ ने बताया कि गंगा नदी में पूर्व में डूबे अन्य लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए क्षेत्र में सर्च अभियान लगातार जारी है। टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों एवं प्रशिक्षित जवानों की मदद से विभिन्न संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की जा रही है।










