उत्तराखंडजनहितटिहरी गढ़वाल

जमोलना-जन्दरवाली पहुंचीं जिलाधिकारी, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

सड़क, दूरसंचार, सिंचाई और पंचायत भवन समेत कई मुद्दों पर अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 11 जून(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को विकासखंड भिलंगना की ग्राम पंचायत जमोलना का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पैदल क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय जनसमस्याओं का जायजा लिया तथा प्रसिद्ध दिव्य केदार सदृश श्री जल्देश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना भी की।

भ्रमण के दौरान भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक तेजराम सेमवाल ने ग्राम पंचायत जमोलना, जन्दरवाली एवं काकड़ा क्षेत्र में सड़क सुविधा के अभाव, दूरसंचार नेटवर्क की समस्या तथा पोखर-जमोलना-भेटी मोटर मार्ग निर्माण से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर, संपर्क मार्ग और घराटों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने सड़क निर्माण के दौरान प्रभावित काश्तकारों को फलदार एवं अन्य वृक्षों के नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग भी रखी।

ग्राम प्रधान सुमति सेमवाल ने जन्दरवाली-काकड़ा सड़क निर्माण, आधुनिक पंचायत भवन के निर्माण तथा क्षतिग्रस्त प्राथमिक विद्यालय जमोलना स्थित मतदान केंद्र भवन के पुनर्निर्माण को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए आचार्य गोकुल देव चमोली ने क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता पर बल देते हुए जिलाधिकारी के भ्रमण पर आभार व्यक्त किया। वहीं हरीश सेमवाल, चन्द्र प्रकाश सेमवाल, राम प्रसाद सेमवाल, वासुदेव सेमवाल, सरला देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान, सड़क सुविधा की कमी और अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

जिलाधिकारी ने बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपने गांवों से जुड़ाव बनाए रखने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर स्वरोजगार और आय बढ़ाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने श्री जल्देश्वर महादेव मंदिर में तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए शेड निर्माण तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने के लिए खंड विकास अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम में तहसीलदार हरीश जोशी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश चन्द्र नौटियाल, खंड विकास अधिकारी विपिन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button