उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

लोक कल्याण मेले में 82 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिले खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र

स्वच्छ और सुरक्षित स्ट्रीट फूड को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम ऋषिकेश की पहल, वेंडर्स को दिए गए सुरक्षा किट भी

ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (PM SVANidhi) योजना के तहत नगर निगम ऋषिकेश एवं शहरी विकास विभाग, उत्तराखंड के तत्वावधान में आयोजित ‘लोक कल्याण मेला’ के अंतर्गत स्ट्रीट फूड वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान 82 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को आधिकारिक खाद्य सुरक्षा प्रमाण पत्र (फूड सेफ्टी सर्टिफिकेट) वितरित किए गए।

यह लोक कल्याण मेला 1 जून से 30 जून 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी आजीविका को सशक्त करना है।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले सभी वेंडर्स को दो माह पूर्व स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता मानकों के पालन और उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित भोजन पहुंचाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

इसके अलावा वेंडर्स को उनके दैनिक कार्य में स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए ग्लव्स, एप्रन और टोपी सहित आवश्यक सुरक्षा किट भी उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य ऋषिकेश आने वाले स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित और मिलावट रहित स्ट्रीट फूड उपलब्ध कराना तथा स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक एवं सुरक्षित आजीविका के अवसर प्रदान करना है।

नगर निगम की इस पहल को शहर में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button