
ऋषिकेश(दिलीप शर्मा): नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने शुक्रवार को नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग एवं नए कार्यालय भवन का प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना शहर के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका लाभ स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को शीघ्र मिलना चाहिए।
यातायात व्यवस्था में होगा सुधार, पार्किंग की समस्या से मिलेगी राहत
निरीक्षण के दौरान महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग के संचालन में आने के बाद शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोगों को पार्किंग की समस्या से राहत मिलेगी। इससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना ऋषिकेश की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है और भविष्य में शहर के लिए एक महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा साबित होगी।
निर्माण गुणवत्ता से समझौता नहीं, अधिकारियों को सख्त निर्देश
महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मानकों के अनुरूप सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने तथा निर्माण प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
स्थलीय निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एमडीडीए के अधिकारी सुनील कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, यूपीसीएल के अधिकारी अर्चित कुमार, ठेकेदार राकेश शर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










