जौनपुर क्षेत्र में जिलाधिकारी का रात्रि प्रवास, ग्रामीणों की समस्याएं सुन दिए समाधान के निर्देश
देवलसारी से धनोल्टी तक विभिन्न गांवों का निरीक्षण, होमस्टे, सड़क, ट्रैक और पार्किंग परियोजनाओं का लिया जायजा

टिहरी गढ़वाल,19 जून(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जौनपुर क्षेत्र के भ्रमण के दौरान रात्रि प्रवास कर ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुना और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न गांवों का भ्रमण कर विकास कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने देवलसारी स्थित प्राचीन कोणेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद तेवा, बंगसील, ओन्तण, बुडकोट, पुजाल्डी और मोलघार सहित कई गांवों का निरीक्षण कर वहां संचालित होमस्टे योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने होमस्टे संचालकों एवं लाभार्थियों से संवाद करते हुए पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर चर्चा की।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने थत्यूड़-देवलसारी एवं थत्यूड़-किन्सू मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत एवं डामरीकरण, नागटिब्बा-देवलसारी पैदल ट्रैक के सुधार, देवलसारी मंदिर तक पहुंच मार्ग के निर्माण, संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण तथा ककूड़-सिर्वा मोटर मार्ग की मरम्मत और नाली निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मांगों पर गंभीरता से कार्य करते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के अंतर्गत खुशी स्वायत्त सहकारिता, खेड़ा में स्थापित फूड बैंक का उद्घाटन भी जिलाधिकारी द्वारा किया गया।
ग्राम पंचायत ठिक्क में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों से किन्सू, उडारसू एवं दुगड्डा तोकों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर ग्रामीणों ने विद्यालय को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग प्रमुखता से उठाई।
जिलाधिकारी ने धनोल्टी एवं कद्दूखाल में निर्माणाधीन पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
भ्रमण के दौरान प्रमुख जौनपुर सीता पंवार, डीडीओ मो. असलम, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस.एस. राणा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग थत्यूड़ राजेन्द्र कुमार टम्टा, क्षेत्र पंचायत सदस्य केसर सिंह एवं अनीस कुमार, ग्राम प्रधान शांति प्रसाद गौड़, गीता देवी, गजेन्द्र रतूड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल नौटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।










