उत्तराखंडऋषिकेशरायवाला

प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाकर किसान बढ़ाएं आय : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

रायवाला के जोगीवाला माफी में आयोजित कार्यशाला में किया प्रतिभाग, केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की दी जानकारी

ऋषिकेश/रायवाला,19 जून(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के रायवाला मंडल स्थित जोगीवाला माफी में प्राकृतिक एवं जैविक खेती विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय में वृद्धि, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक एवं जैविक खेती स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता को भी बनाए रखती है, जिससे किसानों को दीर्घकालिक आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

उन्होंने उपस्थित किसानों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बदलते समय में प्राकृतिक कृषि ही टिकाऊ विकास का आधार बन सकती है।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अग्रवाल ने “12 साल सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।

कार्यशाला में ऋषिकेश जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, चंद्रभान, देवी सिंह राणा, सोबन कैंतुरा, शैलेंद्र रांगड़, रायवाला मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र सिंह असवाल, विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button