जैविक उत्पादों के विपणन को मिलेगा नया मंच, एफपीओ प्रतिनिधियों से मिलीं जिलाधिकारी
नई उमंग कृषक उत्पादक संगठन ने बंद पड़ी दुकानों को आउटलेट बनाने का रखा प्रस्ताव, डीएम ने दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश

टिहरी गढ़वाल, 23 जून(दिलीप शर्मा): जनपद में जैविक कृषि और स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने नई उमंग कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान संगठन अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने एफपीओ की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2022 से संगठन को नाबार्ड द्वारा वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। वर्तमान में संगठन से 247 किसान जुड़े हैं, जिनमें 193 महिला एवं 54 पुरुष किसान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि संगठन क्षेत्र में जैविक खाद्य उत्पादों के उत्पादन और विपणन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
संगठन की ओर से भागीरथीपुरम स्थित कृषि समिति की कई वर्षों से बंद पड़ी दुकान को जैविक उत्पादों के बिक्री केंद्र (आउटलेट) के रूप में उपलब्ध कराने तथा कोटी कॉलोनी में भी एक दुकान आवंटित करने का अनुरोध किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी वरुणा से दूरभाष पर जानकारी लेते हुए दुकान की उपलब्धता की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में संगठन सचिव सुषमा बिष्ट, ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति (एनजीओ) के प्रतिनिधि जगदीश बड़ोनी एवं अनुज गोसाईं भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संगठन को आश्वस्त किया कि जैविक खेती और स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। इससे किसानों को अपने उत्पादों के बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि का मार्ग भी प्रशस्त होगा।










