ऋषिकेश पुलिस की तत्परता रंग लाई, चार खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए
तकनीकी सहायता और सतत प्रयासों से मिली सफलता, मोबाइल पाकर खिले लोगों के चेहरे

ऋषिकेश, 24 जून(दिलीप शर्मा): आमजन की सहायता एवं उनकी खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने चार खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिया। मोबाइल फोन वापस मिलने पर संबंधित व्यक्तियों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को विभिन्न व्यक्तियों द्वारा मोबाइल फोन खोने की सूचना दी गई थी। सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता एवं लगातार प्रयासों के माध्यम से मोबाइल फोनों को ट्रेस कर सफलतापूर्वक बरामद किया। बुधवार को सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत सौंप दिए गए।
मोबाइल प्राप्त करने वालों में अवधूत आश्रम निवासी राजकुमार का वीवो मोबाइल, केशव शर्मा का सैमसंग एफ-7 मोबाइल, बिजेन्द्र का आई-15 मोबाइल तथा बिजनौर (उत्तर प्रदेश) निवासी धर्मेन्द्र का वीवो वी-40 मोबाइल फोन शामिल है।
खोए मोबाइल पाने वालों ने जताया आभार
मोबाइल फोन वापस मिलने पर सभी लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने ऋषिकेश पुलिस की तत्परता और कार्यशैली की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
बरामदगी में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मोबाइल फोन बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजकुमार, हेड कांस्टेबल ईश कुमार तथा कांस्टेबल अजय शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने वाली पहल के रूप में देखा जा रहा है।










