उत्तराखंडऋषिकेशशिष्टाचार भेंट

ऋषिकेश में कानून व्यवस्था और यातायात सुधार पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दिए सख्त निर्देश

नवनियुक्त कोतवाल व क्षेत्राधिकारी से शिष्टाचार भेंट के दौरान अवैध नशे के कारोबार, ट्रैफिक प्रबंधन और सीसीटीवी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर दिया जोर

ऋषिकेश, 29 जून(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल से सोमवार को उनके ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा एवं नवनियुक्त कोतवाल यशपाल बिष्ट ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं नशे के विरुद्ध अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधानसभा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी एवं सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने ऋषिकेश नगर क्षेत्र (ड्राई एरिया) में अवैध शराब एवं स्मैक की बिक्री के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि क्षेत्र में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे।

डॉ. अग्रवाल ने आस्था पथ की गरिमा बनाए रखने, नगर के प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने तथा क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारू स्थिति में संचालित रखने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Related Articles

Back to top button