उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

त्रिवेणी कॉलोनी में जलभराव से राहत की पहल, विधायक निधि से बनेगा तार-जाल तटबंध

विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने 3.50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन, मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान का दोहराया संकल्प

ऋषिकेश,(दिलीप शर्मा): त्रिवेणी कॉलोनी, चंद्रेश्वर नगर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने लगभग 3.50 लाख रुपये की विधायक निधि से निर्मित होने वाले तार-जाल तटबंध निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि त्रिवेणी कॉलोनी क्षेत्र में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने विश्वास जताया कि तटबंध निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या में काफी कमी आएगी और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन एवं जनसहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। उनकी प्राथमिकता जल निकासी, सड़क, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। विधायक निधि का उपयोग भी ऐसे जनहितकारी कार्यों में किया जा रहा है, जिनका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिले।

डॉ. अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों में सहयोग करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, पार्षद श्रीमती रूपा देवी, जिला उपाध्यक्ष देवदत्त शर्मा, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष किशन मंडल, किसान मोर्चा मंडल महामंत्री राजकुमार राजभर, किसान मोर्चा मंडल मंत्री सूरज शर्मा, किसान मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष अमन जाटव, युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष शिवम शाह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों ने जनहित में शुरू किए गए इस कार्य के लिए विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की।

Related Articles

Back to top button