थान में 3K जैविक आउटलेट का उद्घाटन, महिला समूहों को आधुनिक पैकेजिंग और बेहतर विपणन पर जोर
वन एवं चिकित्सा मंत्री सुबोध उनियाल ने खेती से जुड़े रहने का किया आह्वान, विधायक निधि से 13 लाख रुपये की विकास योजनाओं की घोषणा

नई टिहरी, 28 जून(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड के वन, पर्यावरण, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने रविवार को टिहरी जिले के नरेंद्रनगर विकासखंड के ग्राम थान एवं डाबरखाल में आयोजित ग्रामीण भ्रमण एवं जनसुनवाई कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से खेती और अपनी भूमि से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि उत्तराखंड की समृद्ध परंपरा, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है।
इस दौरान मंत्री ने क्षेत्र के लघु विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों के लिए विधायक निधि से 13 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यक विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नरेंद्रनगर-टिहरी हाईवे पर ग्राम थान (बिड़ोन) में स्थापित 3K जैविक आउटलेट का विधिवत उद्घाटन किया गया। मंत्री ने आउटलेट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध पहाड़ी दालों, मसालों, जूस सहित विभिन्न जैविक उत्पादों का अवलोकन किया।
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों से कहा कि उत्पादों की गुणवत्ता के साथ-साथ उनकी आकर्षक एवं आधुनिक पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि बाजार में उत्पादों की बेहतर पहचान बने और उनकी बिक्री बढ़ सके। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए महिला समूहों को शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी ने बताया कि ग्रामीण कृषकों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार जैविक और पारंपरिक पहाड़ी उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस आउटलेट की स्थापना की गई है। इससे स्थानीय उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध होगा और उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण तथा प्रमाणित जैविक उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, पूर्व प्रधान कुलबीर चौहान सहित कृषि एवं ग्राम्य विकास विभाग के विकासखंड स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










