जनता दरबार में डीएम ने सुनीं 68 जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन व जन समर्पण पोर्टल की लंबित शिकायतों की समीक्षा, बरसात से पहले संवेदनशील मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश

नई टिहरी, 29 जून(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पेयजल, विद्युत, मुआवजा, पेंशन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 68 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन मामलों का निस्तारण हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में तहसील टिहरी के ग्राम बटखेम निवासी सुलोचना देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके मकान के पीछे स्थित सुरक्षा दीवार एक वर्ष से क्षतिग्रस्त है, जिसकी अब तक मरम्मत नहीं हुई है। आगामी बरसात को देखते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पनियाला वार्ड-02 की जिला पंचायत सदस्य शैला रमेला ने अपने क्षेत्र के विभिन्न गांवों—हलेथ, कोरदी, सिलारी, खेतपाली, गैरी ब्राह्मणों की, रावतगांव, पुजारगांव, बिजपुर, पिपलोगी, गैरी राजपूतों की तथा गोलाणी—के महिला मंगल दलों को म्यूजिक सिस्टम उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इस पर जिला युवा कल्याण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विकासखंड चम्बा के ग्राम वीड निवासी महिम ममगाई ने सड़क कटान के दौरान क्षतिग्रस्त खेत की सुरक्षा के लिए अब तक पुश्ता निर्माण नहीं होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, चम्बा को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
पट्टी मखलोगी की ग्राम पंचायत पलाम निवासी राधेश्याम चमोली ने राशन कार्ड बंद होने और विभाग द्वारा स्पष्ट जानकारी न दिए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बौराड़ी निवासी दिनेश कुमार ने वर्ष 2024 में आग लगने से अपनी दुकान जल जाने के कारण आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी, उप जिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










