ऋषिकेश पुलिस ने 48 घंटे में सुलझाई स्कूटी चोरी, दो सगे भाई गिरफ्तार
नशे की लत पूरी करने के लिए चुराई थी एक्टिवा, बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा

ऋषिकेश, 30 जून(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने थाना क्षेत्र में हुई स्कूटी चोरी की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर चोरी की गई एक्टिवा बरामद कर ली। दोनों आरोपी चोरी की स्कूटी को बेचने जा रहे थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार, 29 जून को आईडीपीएल वीरभद्र निवासी पुनित बजाज ने पुरानी चुंगी स्थित अपनी दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी (यूके14-6763) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की पहचान की। मंगलवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की स्कूटी को दो युवक आईडीपीएल गोल चक्कर से खंडहर की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि (23 वर्ष) और उसके सगे भाई कृष ठाकुर (20 वर्ष) निवासी विस्थापित आईडीपीएल, ऋषिकेश के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने तीन-चार दिन पहले पुरानी चुंगी क्षेत्र से एक्टिवा चोरी की थी। उन्होंने बताया कि वे स्मैक के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए स्कूटी चोरी कर उसे बेचने जा रहे थे। रास्ते में पेट्रोल खत्म होने के कारण वे वाहन को खंडहर में छिपाने का प्रयास कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा बरामद कर ली है। मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
बरामदगी
- सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी (नंबर UK14-6763)
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक निखेलश बिष्ट
- कांस्टेबल प्रदीप
- कांस्टेबल सौरभ










