विशेष गहन पुनरीक्षण में राजनीतिक दलों की भूमिका अहम, जिलाधिकारी ने मांगा सक्रिय सहयोग
टिहरी की तीन विधानसभा सीटों का डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा, ड्राफ्ट रोल से पहले गणना प्रपत्र जमा कराने पर जोर

नई टिहरी,1 जुलाई(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया और मतदाताओं ने भी प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराए। उन्होंने जानकारी दी कि प्राप्त प्रपत्रों में धनोल्टी, घनसाली और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों का डिजिटाइजेशन शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र अभी तक जमा नहीं हुए हैं, उन्हें एकत्र करने के लिए संबंधित बूथों पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बीएलओ की संयुक्त बैठकें आयोजित की जाएं। इससे मतदाताओं को बाद में नोटिस जैसी औपचारिक प्रक्रियाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा और पुनरीक्षण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा हो सकेगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेन्द्र डोभाल, कांग्रेस महासचिव गबर सिंह, भाजपा सांसद प्रतिनिधि रामलाल नौटियाल, एडीईओ निर्वाचन विजय तिवारी, जवाहर सिंह तथा नवीन सेमवाल मौजूद रहे।










