टिहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: करीब एक किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
मुनिकीरेती पुलिस, सीआईयू और एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई; तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी सीज, ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले

मुनिकीरेती/टिहरी,1 जुलाई(दिलीप शर्मा): जनपद टिहरी गढ़वाल में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के निर्देशन में थाना मुनिकीरेती पुलिस, सीआईयू तथा एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने करीब एक किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी सीज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल एवं क्षेत्राधिकारी नरेंद्र नगर के पर्यवेक्षण में 30 जून की रात जानकी सेतु पार्किंग के समीप सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संयुक्त टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 980 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP-11DC-1317 को भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बरामद चरस उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी क्षेत्र से लेकर आए थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य पैडलरों और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां भी मिली हैं। इन इनपुट के आधार पर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में थाना मुनिकीरेती में मु.अ.सं. 74/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- अनिल पाल (26 वर्ष), पुत्र राजेश कुमार, निवासी मकान संख्या 258, मोहल्ला हाफिज दोस्त, शिव मंदिर घंटोंवाली मोहल्ला, थाना भवन, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश)।
- रजत कुमार (26 वर्ष), पुत्र राकेश कुमार सैनी, निवासी उपरोक्त।
बरामदगी
- 980 ग्राम अवैध चरस
- मोटरसाइकिल संख्या UP-11DC-1317
संयुक्त टीम में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में थाना मुनिकीरेती से उपनिरीक्षक अरविंद रतूड़ी (चौकी प्रभारी जानकी पुल), कांस्टेबल 98 सिविल पुलिस सिंह राज एवं कांस्टेबल 195 सिविल पुलिस कुलबीर शामिल रहे।
वहीं सीआईयू एवं एएनटीएफ की ओर से निरीक्षक धर्मेंद्र रौतेला (प्रभारी एएनटीएफ), उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण (प्रभारी सीआईयू) तथा उनकी टीम ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ड्रग्स माफिया और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधियों के खिलाफ पहले से अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।










