टिहरी में एसआईआर-2026: धनौल्टी और घनसाली विधानसभा क्षेत्रों का गणना प्रपत्र डिजिटाइजेशन 100 प्रतिशत पूरा
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने टीम की सराहना की, कहा— समयबद्ध कार्य से निर्वाचन प्रक्रिया होगी अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित

नई टिहरी,1 जुलाई(दिलीप शर्मा): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत टिहरी गढ़वाल जनपद की धनौल्टी और घनसाली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में प्राप्त सभी गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि निर्वाचन अधिकारियों, सहायक निर्वाचन अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बीएलओ और अन्य कार्मिकों ने टीम भावना तथा समयबद्ध कार्यशैली का परिचय देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 का उद्देश्य निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सही ढंग से दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने इसे निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
जिलाधिकारी ने इस कार्य में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।










