उत्तराखंडऋषिकेशजनहित

बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान की दिशा में बढ़े कदम, कैबिनेट निर्णय पर विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का हुआ अभिनंदन

क्षेत्रीय पार्षदों और स्थानीय लोगों ने जताया आभार, मुख्यमंत्री के प्रति भी व्यक्त किया धन्यवाद

ऋषिकेश, 11 जुलाई(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान की दिशा में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय के बाद ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल के कैंप कार्यालय में क्षेत्रीय पार्षदों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। कैबिनेट द्वारा मुख्य सचिव को इस जटिल प्रकरण के समाधान के लिए समिति गठित कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मामले के स्थायी समाधान की उम्मीद बढ़ी है।

वर्षों से उठाते रहे मुद्दा, अब दिख रही समाधान की राह

इस अवसर पर पार्षद वीरेंद्र रमोला ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल शुरू से ही बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने विभिन्न मंचों पर इस विषय को मजबूती से उठाते हुए क्षेत्र की जनता की आवाज शासन और प्रशासन तक पहुंचाई।

पार्षद हर्षवर्धन रावत (पिंटू) ने कहा कि विधायक डॉ. अग्रवाल ने इस मुद्दे को विधानसभा में प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव के समक्ष भी लगातार रखा। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही इस प्रकरण में बापू ग्राम की जनता के हित में सकारात्मक निर्णय होगा। उन्होंने लोगों से इस विषय की वास्तविक जानकारी आमजन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

जनहित के मुद्दों पर हमेशा सक्रिय रहे विधायक : जनप्रतिनिधि

वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल हमेशा जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं।

पार्षद राजेश कोठियाल ने कहा कि विधायक ने क्षेत्रवासियों की पीड़ा को समझते हुए इस मुद्दे को लगातार मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप अब समाधान की दिशा में ठोस पहल संभव हो सकी है। पार्षद मुस्कान ने भी इस पहल के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।

पार्षद दिनेश रावत ने कहा कि डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से रखा गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगा है।

बापू ग्राम के स्थायी समाधान के लिए प्रयास जारी रहेंगे : डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

अपने संबोधन में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण को लेकर अब तक किए गए प्रयासों का क्रमवार उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब-जब इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई, उन्होंने हमेशा सकारात्मक रुख अपनाया।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि बापू ग्राम को नगर निगम में शामिल कराने से लेकर वर्तमान वन भूमि प्रकरण तक, उन्होंने हर स्तर पर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि बापू ग्राम वन भूमि प्रकरण के स्थायी समाधान तक उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक समस्या का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व प्रधानाचार्य गोविंद सिंह रावत, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष पिंकी धस्माना, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रणजीत सिंह, सुमन रावत, पूनम डोभाल, मुन्नी राजपूत, अभिनव पाल, अमनदीप नेगी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी ने किया।

Related Articles

Back to top button