टिहरी में लगातार बारिश का असर: 16 ग्रामीण सड़कें बंद, कई मकानों और गौशालाओं को नुकसान
टिहरी झील का जलस्तर 764.70 मीटर पहुंचा, जिले में बिजली आपूर्ति सामान्य, पेयजल लाइन बहाल करने का कार्य जारी

नई टिहरी,10 जुलाई 2026(उत्तरखंड नेशन): जनपद टिहरी गढ़वाल में लगातार हो रही बारिश का असर जनजीवन पर दिखाई देने लगा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) द्वारा शुक्रवार शाम 4:30 बजे जारी दैनिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में एक राज्य राजमार्ग तथा 16 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। वहीं विभिन्न तहसीलों में कई आवासीय भवन, गौशालाएं और आंगन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी के साथ राहत एवं मरम्मत कार्यों में जुटा हुआ है।
टिहरी झील का जलस्तर बढ़ा
शाम 4:00 बजे तक टिहरी झील का जलस्तर 764.70 मीटर दर्ज किया गया, जबकि पानी का डिस्चार्ज 152 क्यूसेक रहा। पिछले कई दिनों से लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
नदियों का जलस्तर फिलहाल सुरक्षित
जिले से होकर बहने वाली प्रमुख नदियों का जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है।
- देवप्रयाग में गंगा का जलस्तर 454.15 मीटर दर्ज किया गया।
- ऋषिकेश (मायाकुंड) में गंगा 338.17 मीटर पर बह रही है।
- श्रीनगर में अलकनंदा 532.90 मीटर पर दर्ज की गई।
- चमियाला में बालगंगा 923.26 मीटर तथा
- धोपड़घर में भिलंगना 1379.75 मीटर दर्ज की गई।
16 ग्रामीण सड़कें बंद, राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात जारी
रिपोर्ट के अनुसार एनएच-34, एनएच-07 और एनएच-707ए पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। जबकि एनएच-707 और एनएच-123 (507) पर सड़क सुधार एवं स्मूदिंग का कार्य जारी है।
जिले में एक स्टेट हाईवे तथा 16 ग्रामीण सड़कें बंद हैं, जिनमें लोक निर्माण विभाग की छह तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 11 सड़कें शामिल हैं।
कई गांवों में भवन और गौशालाएं क्षतिग्रस्त
भारी वर्षा के कारण प्रतापनगर, गजा, कीर्तिनगर, टिहरी और नैनबाग क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आवासीय भवनों, आंगनों और गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है।
प्रमुख घटनाओं में प्रतापनगर के थाला गांव, नैनबाग के कोट श्रीकोट, गजा के राणाकोट, विरोगी और भटुली, कीर्तिनगर के झिरकोटी, प्रतापनगर के रावतगांव तथा टिहरी तहसील के बलमा, पाली और नैल गांवों में भवन एवं आंगन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं शामिल हैं।
खतरे वाले भवनों से तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
लगातार बारिश के चलते टिहरी तहसील स्थित सी-ब्लॉक आवासीय परिसर के कुछ भवनों में खतरा उत्पन्न होने पर प्रशासन ने एहतियात के तौर पर तीन परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया है। संबंधित भवनों को असुरक्षित घोषित करते हुए खतरे के निशान लगाए गए हैं तथा ढलान की सुरक्षा के लिए तिरपाल और रेत की बोरियां लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त, मरम्मत कार्य जारी
धनौल्टी तहसील के घेना गांव की पेयजल लाइन भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। जल संस्थान द्वारा लाइन को शीघ्र दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
सिंचाई नहर को भी नुकसान
कीर्तिनगर विकासखंड के अंतर्गत ठकरौला नहर का लगभग 12 मीटर हिस्सा भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। संबंधित विभाग द्वारा स्थिति का आकलन कर मरम्मत की कार्रवाई की जा रही है।
बिजली आपूर्ति सामान्य, मौसम में हल्के बादल
जिले में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। शाम के समय अधिकांश क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रशासन ने नागरिकों से लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम एवं प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।











