उत्तराखंडटिहरी गढ़वालसमीक्षा बैठक

प्रगति पोर्टल के लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश, शिक्षा व्यवस्था की डीएम ने की व्यापक समीक्षा

नामांकन बढ़ाने, स्कूल उच्चीकरण, स्कूल मर्जर, आरटीई व पीएम पोषण योजना की प्रगति पर दिया जोर

नई टिहरी,10 जुलाई(दिलीप शर्मा): जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने शिक्षा विभाग से जुड़े प्रगति पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी सूचनाएं और प्रस्ताव पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के उच्चीकरण संबंधी प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में छात्र-छात्राओं की संख्या अधिक है और आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां नियमानुसार विद्यालयों के उच्चीकरण के प्रस्ताव तैयार किए जाएं।

उन्होंने माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर सकल नामांकन अनुपात (GER) और शुद्ध नामांकन अनुपात (NER) की समीक्षा करते हुए विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनजागरूकता अभियान और नियमित अनुश्रवण के माध्यम से नामांकन प्रतिशत बढ़ाने पर विशेष बल दिया।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रगति पोर्टल पर दर्ज टिप्पणियों एवं प्रस्तावों का आवश्यक संशोधन कर उन्हें शीघ्र अपलोड किया जाए। साथ ही आरटीई और व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित नामांकन आंकड़ों का सत्यापन कर अद्यतन एवं तथ्यात्मक जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में घटते छात्र नामांकन वाले विद्यालयों के विलय (स्कूल मर्जर) पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संबंधित विद्यालयों की विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित कर नियमानुसार प्रस्ताव पारित किए जाएं, ताकि विलय की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा समग्र शिक्षा अभियान एवं पीएम पोषण योजना से जुड़े प्रगति पोर्टल पर लंबित बिंदुओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी सूचनाएं प्राथमिकता के आधार पर तैयार कर निर्धारित समयावधि में पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।

क्लस्टर विद्यालयों के संबंध में भी जिलाधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक प्रस्ताव एवं सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला, शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक, पीएम पोषण योजना के अधिकारी तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button