एडीएम का पीडब्ल्यूडी बोराड़ी कार्यालय पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी
अनुपस्थित कर्मचारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण, अभिलेखों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था सुधारने के एक सप्ताह के निर्देश

नई टिहरी, 17 जुलाई(दिलीप शर्मा): टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार सुबह 10:15 बजे लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बोराड़ी स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण में पाया गया कि निर्धारित समय तक कुछ कर्मचारी कार्यालय नहीं पहुंचे थे। इस पर एडीएम ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि विलंब से आने वाले तथा अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि फील्ड कर्मचारियों की उपस्थिति और भ्रमण संबंधी विवरण कार्यालय में उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा कार्यालय में पुराने दस्तावेजों और अभिलेखों का रखरखाव भी संतोषजनक नहीं पाया गया। अधिकांश अभिलेख धूल से सने मिले तथा सफाई व्यवस्था भी अव्यवस्थित मिली, जिस पर एडीएम ने नाराजगी व्यक्त की।
अपर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और रिकॉर्ड प्रबंधन में आवश्यक सुधार किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के साथ निर्माणाधीन भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।










