उत्तराखंडदेहरादून

प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन, उत्तराखण्ड की रेल कनेक्टिविटी को मिली नई गति

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 19 करोड़ रुपये की लागत से हुआ स्टेशन का कायाकल्प, मुख्यमंत्री धामी बोले— ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना से विकास को मिलेगा नया आयाम

देहरादून(दिलीप शर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में उत्तराखण्ड के देहरादून स्थित हर्रावाला रेलवे स्टेशन को भी आधुनिक स्वरूप में विकसित कर राष्ट्र को समर्पित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित भारतीय रेलवे एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का उत्तराखण्ड की जनता की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास राज्य के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करता है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को प्रमुखता देकर आधुनिक सुविधाओं और स्थानीय संस्कृति का आकर्षक समन्वय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रही है। रेलवे नेटवर्क के आधुनिकीकरण, सुरक्षा व्यवस्था, गति और तकनीकी क्षमता में लगातार सुधार हुआ है। वहीं वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक स्वदेशी ट्रेनें देश की नई विकास यात्रा और आत्मनिर्भर भारत की पहचान बनकर उभरी हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों तक रेल संपर्क का सपना भी तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। इसके पूरा होने पर राज्य के पर्यटन, व्यापार, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को मिली दो वंदे भारत ट्रेनों से प्रदेश आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा की सुविधा मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए रिकॉर्ड 4,769 करोड़ रुपये का रेल बजट उपलब्ध कराया है। साथ ही प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तराखण्ड के “विकल्प रहित संकल्प” को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

लोकार्पण कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), जनप्रतिनिधियों, भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों, राज्य सरकार के अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button