ऋषिकेश पुलिस का बड़ा खुलासा: दो शातिर चोर गिरफ्तार, दो दुकानों में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश
मिष्ठान भंडार और मेडिकल स्टोर में चोरी करने वाले हरियाणा के दो आरोपी दबोचे गए, तीसरा साथी अब भी फरार

ऋषिकेश, 18 जुलाई(दिलीप शर्मा): कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने लगातार हुई दो चोरी की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए हरियाणा के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुरू हुई जांच
पहली घटना 12 अप्रैल 2026 की है, जब हरिद्वार रोड स्थित कृष्णा मिष्ठान भंडार के संचालक कपिल कुमार ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि देर रात करीब तीन बजे अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा संख्या 142/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मेडिकल स्टोर को भी बनाया था निशाना
इसके बाद 23 जून 2026 को देहरादून रोड स्थित न्यू कैलाश मेडिकल हॉल की संचालिका विजयलक्ष्मी कोठारी ने शिकायत दर्ज कराई कि तड़के करीब 3:40 बजे चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और लगभग 23 हजार रुपये की नकदी के साथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर ले गए। यह घटना भी सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी। पुलिस ने मुकदमा संख्या 250/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
दोनों चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
दोबारा चोरी की फिराक में बैठे थे आरोपी, पुलिस ने दबोचा
17/18 जुलाई की रात संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा मिष्ठान भंडार में चोरी करने वाले दो व्यक्ति खांड गांव जाने वाले मार्ग स्थित अंडरपास के पास दोबारा चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विवेक गोयल और विक्रम, निवासी जनपद सोनीपत (हरियाणा) के रूप में बताई।
चोरी की नकदी और दस्तावेज बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके कब्जे से दोनों चोरी की घटनाओं से संबंधित 2,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक की चेकबुक, एक एटीएम कार्ड, तीन आधार कार्ड तथा एक पहचान पत्र बरामद किए।
तीसरे साथी के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी नवीन उर्फ बाली, निवासी सोनीपत (हरियाणा), के साथ मिलकर कृष्णा मिष्ठान भंडार और न्यू कैलाश मेडिकल हॉल में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि चोरी की अधिकांश नकदी नशे और अन्य खर्चों में खर्च कर दी गई।
बरामद साक्ष्यों के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। फरार आरोपी नवीन उर्फ बाली की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- विवेक गोयल पुत्र सतीश गोयल, निवासी जटवाड़ा मोहल्ला, जनपद सोनीपत (हरियाणा), उम्र 28 वर्ष।
- विक्रम पुत्र कर्मवीर, निवासी ग्राम बड़वासनी, थाना सदर, जनपद सोनीपत (हरियाणा), उम्र 20 वर्ष।
बरामद सामान
- ₹2,200 नकद
- पंजाब नेशनल बैंक की एक चेकबुक
- एक एटीएम कार्ड
- तीन आधार कार्ड
- एक पहचान पत्र
आपराधिक इतिहास की जांच जारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी संबंधित राज्यों से जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक बिनेश कुमार
- कांस्टेबल विनीत कुमार
- कांस्टेबल हिमांशु कुमार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।










