उत्तराखंडऋषिकेशजनसेवा शिविर

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: ऋषिकेश में जनसेवा शिविर में उमड़ी भीड़, 300 से अधिक लोगों ने उठाया लाभ

जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में 20 से अधिक विभागों ने एक ही छत के नीचे दीं सरकारी सेवाएं

ऋषिकेश,18 जुलाई(दिलीप शर्मा): उत्तराखंड सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को देहरादून रोड स्थित व्यापार सभा भवन में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और नगर निगम ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 20 से अधिक सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। शिविर का लाभ 300 से अधिक लाभार्थियों ने उठाया।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ शिविर का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, ऋषिकेश के मेयर शंभु पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, जिला महामंत्री प्रतीक कालिया, सफाई आयोग के सदस्य राकेश पारछा, मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी तथा नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

सरकार का लक्ष्य जनता तक सीधे पहुंचाना योजनाओं का लाभ: विश्वास डाबर

मुख्य अतिथि विश्वास डाबर ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन-प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना है। सरकार चाहती है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराए।

उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान ने शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत किया है तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में यह अभियान प्रभावी माध्यम साबित हो रहा है।

सेवा पखवाड़े के तहत पूरे प्रदेश में लगाए जा रहे हैं शिविर: मेयर

मेयर शंभु पासवान ने कहा कि राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत जनसेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन, उद्योग, निवेश और हवाई संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

एक ही स्थान पर उपलब्ध रहीं विभिन्न विभागों की सेवाएं

जनसेवा शिविर में नागरिकों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इनमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला, शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पशुपालन विभाग, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तराखंड स्टेट आयुष मिशन सोसाइटी, सीमा डेंटल कॉलेज, होम्योपैथिक चिकित्सा विभाग, जिला सैनिक कल्याण विभाग, कृषि विभाग, जिला उद्योग केंद्र, राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, यूपीसीएल, जल संस्थान, बाल विकास विभाग तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि शामिल रहे।

शिविर में पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, कृषि एवं उद्यान संबंधी जानकारी, बैंकिंग सेवाओं सहित अनेक सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त किया।

प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसडीएम कुमकुम जोशी, उप नगर आयुक्त अंकिता जोशी, एआरटीओ रश्मि पंत, सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट, अमन कुमार, सिटी मिशन मैनेजर वरुण मल्होत्रा, पार्षद माधवी गुप्ता, राजेश कुमार सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसेवा शिविर का उद्देश्य

शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके निकट उपलब्ध कराना, समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करना रहा।

Related Articles

Back to top button