उत्तराखंडऋषिकेश

ऋषिकेश में कार्यकर्ताओं संग डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का संवाद, नए मतदाताओं के पंजीकरण अभियान को तेज करने का आह्वान

BLA-2 के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर दिया जोर, हरेला सहित आगामी सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता का किया आग्रह

ऋषिकेश, 18 जुलाई(दिलीप शर्मा): ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने शनिवार को अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की और विशेष रूप से BLA-2 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण अभियान को गति देने का आह्वान किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का मूल अधिकार है और मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला भी। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे।

बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

उन्होंने BLA-2 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर नए मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और संगठन की सफलता भी बूथ स्तर की सक्रियता पर निर्भर करती है।

हरेला पर्व और सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता का आह्वान

बैठक में डॉ. अग्रवाल ने उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला सहित आगामी सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, आपसी एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी देते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के विभिन्न वर्गों को उनसे जोड़ने का भी आग्रह किया।

ये रहे उपस्थित

संवाद कार्यक्रम में वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, मंडल महामंत्री पुनीता भंडारी, मंडल मंत्री मनोरमा, BLA-2 रिंकी भारद्वाज, BLA-2 राजीव शर्मा (बूथ-57), BLA-2 अनिल कुमार (बूथ-81), भाजयुमो जिला मंत्री पंकज थपलियाल, मंडल उपाध्यक्ष बालम सिंह रावत, पूर्व पार्षद विपिन पंत, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button