आपदाउत्तराखंडटिहरी गढ़वाल

रेड अलर्ट के चलते टिहरी में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के आदेश जारी, निर्देशों की अवहेलना पर होगी कड़ी कार्रवाई

रेड अलर्ट के चलते टिहरी में 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के आदेश जारी, निर्देशों की अवहेलना पर होगी कड़ी कार्रवाई

नई टिहरी, 19 जुलाई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 जुलाई 2026 के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन टिहरी गढ़वाल ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार, 20 जुलाई को जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी 20 जुलाई को स्थगित रहेगा।

सभी विद्यालयों को आदेश का पालन करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधनों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।

आदेश की अवहेलना पर होगी कानूनी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय निर्धारित आदेशों की अनदेखी करता है और इसके परिणामस्वरूप किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य अथवा प्रबंधक के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की आमजन से अपील

जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, भारी वर्षा के दौरान नदी-नालों के आसपास नहीं जाने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button